Press Release

Letter written to the S.E.Railway authorities.

  • 12Jul-2024

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :12/07/2024)

    चाईबासा से रांची को फास्ट मेमू ट्रेन से जोडा जाय-चैंबर

    ======================

    बडबील से रांची वाया चाईबासा फास्ट मेमू ट्रेन के परिचालन की जरूरत बताते हुए फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को पत्राचार किया। चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने कहा कि राज्य की स्थापना के 24 वर्ष बाद भी पश्चिमी सिंहभूम कोल्हान क्षेत्र का झारखंड की राजधानी से रेल मार्ग द्वारा अब तक नहीं जुड़ना चिंतनीय है। गुआ, बड़बिल, नुवामुण्डी, डोगवापोशी, झिकपानी के लोगों को सडक मार्ग से रांची आना जाना पडता है। सडक मार्ग से चाईबासा से रांची आवागमन करने में एक तरफ जहां बस किराये के रूप में यात्रियों को अत्यधिक किराया भुगतान करना पडता है वहीं ट्रेन की उपलब्धता नहीं होने के कारण रेल मार्ग की तुलना में सडक मार्ग से एक लम्बी दूरी का सफर भी यात्रियों को तय करना पडता है। यात्रियों की सुविधा हेतु आवश्यक है कि बडबील से रांची एक फास्ट मेमू ट्रेन का परिचालन किया जाय।

    उन्होंने कहा कि चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत आनेवाला यह क्षेत्र खनिज पदार्थ की ढुलाई कर भारतीय रेलवे को सर्वाधिक राजस्व प्रदान कर रहा है। खनिज पदार्थ के साथ चाईबासा शिक्षा क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज, डिप्लोमा कॉलेज, आईटीआई के साथ नई कोल्हान यूनिवर्सिटी बनाए जाने से शिक्षा का हब बना हुआ है। रेलवे उप समिति के चेयरमेन नवजोत अलंग ने कहा कि चाईबासा का यह क्षेत्र झिंकपानी में एसीसी सीमेंट, राजखरसावां में बांगर सीमेंट कंपनी के भारी उत्पादन से रेलवे को व्यवसाय देने का कार्य भी बडी कुशलता से कर रही है। किंतु चिंतनीय है कि अरबों रूपये का व्यवसाय देने वाला कोल्हान क्षेत्र अब भी प्रमुख क्षेत्र के रेल मार्गों की सुविधा से वंचित है। यह आग्रह किया गया कि कोल्हान प्रमंडल के विकास एवं यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बडबील से रांची वाया चाईबासा फास्ट मेमू ट्रेन का परिचालन प्रारंभ किया जाय। विदित हो कि यात्रियों की असुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य अरूण जोशी के सुझाव पर झारखण्ड चैंबर द्वारा इस मामले में महाप्रबंधक के अलावा डीआरएम चक्रधरपुर और प्रदेश के राज्यसभा सांसदगणों को पत्राचार किया गया है।

    -

    परेश गट्टानी                                                                                                       विकास विजयवर्गीय

    महासचिव                                                                                                                      प्रवक्ता

     

Copyright © 2021-2024 FJCCI