Press Release

i) Discussion with Innosole Petrochem India Private Limited on Investment in oil and fertilizer business in Jharkhand ii) Robbery at New Panchwati Jewellers, Bajra (next to ITI bus stand), Ranchi.

  • 13Jun-2024

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :13/06/2024)

    झारखण्ड में ऑयल बिजनेस व फर्टिलाइजर में निवेश पर चर्चा

    =======================

    इनोसोल पेट्रोकेम इंडिया प्रा0 लि0 के मैनेजिंग डायरेक्टर अमर कुशवाहा और कंपनी के तेहरान स्थित इंटरनेशनल पार्टनर ए.शदाबी ने आज चैंबर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों से मुलाकात की। झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कंपनी के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।

    चैंबर के साथ हुई वार्ता के दौरान इनोसोल पेट्रोकेम इंडिया प्रा0 लि0 के इंटरनेशनल पार्टनर ए.शदाबी ने झारखण्ड में ऑयल बिजनेस व फर्टिलाइजर में निवेश की ईच्छा जताई। यह बताया कि इनोसोल पेट्रोकेम इंडिया कंपनी की योजना प्रदेश में यूज्ड ऑयल की रिफाइनरी यूनिट स्थापित करना, कोल बेस्ड फर्टिलाइजर बनाना और बिटूमीन का प्रोडक्शन करना है। पहले फेज में कंपनी द्वारा 20-30 करोड का निवेश करने की योजना है। सबकुछ बेहतर होने पर कंपनी द्वारा कोल और बिटूमीन की इकाई लगाने की दिशा में पहल की जायेगी।

    झारखण्ड में निवेश को अनुकूल बताते हुए चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने इनोसोल पेट्रोकेम इंडिया कंपनी के इस योजना की सराहना करते हुए इस निवेश को स्थापित कराने में झारखण्ड चैंबर की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। यह भी कहा कि चैंबर के क्लोज मॉनिटरिंग में निवेश के इस प्रयास को गति दी जायेगी। राज्य में ऑयल बिजनेस और फर्टिलाइजर में निवेश करने को उपयुक्त बताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोजेक्ट लगने से राज्य में 1000 करोड का निवेश स्थापित हो सकेगा जिससे हमारा राज्य आर्थिक प्रगति की दिशा में अग्रसर होगा।

    बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव परेश गट्टानी, कोषाध्यक्ष ज्योति कुमारी, कार्यकारिणी सदस्य डॉ0 अभिषेक रामाधीन, सदस्य अमित अग्रवाल एवं कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

     

    ================

    बाजरा (आई टी आई बस स्टैंड के आगे) स्थित न्यू पंचवटी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में अपराधियों द्वारा डकैती की घटना को अंजाम देकर भाग जाने पर चिंता जताते हुए झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने शहर की विधि व्यवस्था पर नाराजगी जताई। चैंबर महासचिव परेश गट्टानी और कार्यकारिणी सदस्य संजय अखौरी ने घटना स्थल पर जाकर प्रतिष्ठान के संचालक दीपक कुमार साहू और उनकी दादी आशा देवी से मिलकर मामले की जानकारी ली। मौके पर ही पुलिस अधीक्षक से वार्ता करके घटना में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और माल की बरामदगी का आग्रह किया गया। पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि घटना स्थल से पर्याप्त साक्ष्य एकत्रित किये गये हैं। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

    चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि राजधानी रांची पूरे राज्य का आईना होता है और यहां पर नित्य प्रतिदिन घटनाएं घटित हो रही हैं। रांची में अचानक चोरी, छिनतई, हत्या, रंगदारी जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इन घटनाओं से व्यापारी और उद्यमी समाज चिंतित हैं। जिला प्रशासन को अपराध नियंत्रण को लेकर ठोस पहल करने की आवश्यकता है ताकि भयमुक्त वातावरण में व्यापार और उद्योग संचालित हो सकें।

    चैंबर महासचिव परेश गट्टानी ने कहा कि क्राइम कंट्रोल के लिए जरुरी है कि थाना स्तर पर पुलिस को जवाबदेह बनाया जाय। अपराधियों में प्रशासन का भय होना ही चाहिए, इसके लिए ठोस उपाय जरूरी है। किसी भी राज्य और शहर की प्रगति विधि व्यवस्था पर निर्भर होती है। राजधानी की वर्तमान विधि व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिसपर जिला प्रशासन को गंभीरता दिखानी होगी।

    Uploaded Image

    -

    परेश गट्टानी                                                                                                       विकास विजयवर्गीय

    महासचिव                                                                                                                  प्रवक्ता

     

Copyright © 2021-2024 FJCCI